Tuesday, July 30, 2019

फल खा, फल की चिंता मत कर

फल खा, फल की चिंता मत कर...
Useful info about Mangoes, Watermelon, Muskmelon & Leechi

जब भी हम फल खाते हैं तो उसके फल की चिंता भी साथ में हो जाती है। फल यानी उसे खाने का शरीर पर कोई उलटा असर तो नहीं होगा? ऐसे ही सवालों और चिंताओं के बारे में हमने कई एक्सपर्ट से बात की। नतीजा आया कि अगर हम कुछ एहतियात बरतें तो फल खाने पर फल की चिंता करने की जरूरत नहीं रहेगी। इन्हीं एहतियातों के बारे में जानकारी दे रहे हैं राजेश भारती

आम ही खास है
आम का सीजन शुरू हो चुका है। मार्केट में कई वैरायटी के आम आ भी चुके हैं। लेकिन अभी डाल के पके आम मार्केट में काफी कम मात्रा में आ रहे हैं। दरअसल इन आमों को कच्चा ही पेड़ से तोड़ लिया जाता है और आर्टिफिशल तरीके से पकाया जाता है। अगर ये आम सही तरीके से पकाए नहीं गए हैं तो इन्हें खाने से सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। आम को खाने से पहले उसे अच्छे से साफ करना जरूरी होता है।

आम का असली सीजन हुआ है शुरू अब
हो सकता है कि आपको मार्केट में आम कुछ समय पहले से ही दिखाई देने लगे हों, लेकिन इसका असली सीजन अब शुरू हुआ है। चाहे सफेदा आम हो या दशहरी या लंगड़ा या चौसा, ये सभी आम जून के आखिरी महीने से मार्केट में आने शुरू होंगे जो जुलाई-अगस्त तक रहेंगे। इनमें दशहरी और चौसा आम मुख्यत: यूपी से आना शुरू होगा।

डाल का पका आम होता है बेस्ट
पका हुआ बेस्ट आम डाल का ही माना जाता है। यह आम न केवल सेहत के लिए अच्छा होता है, बल्कि काफी मीठा भी होता है। ये आम पकने पर अपने-अाप डाल से टूटकर गिर जाते हैं। हालांकि इस तरह के पके हुए आम मार्केट में काफी कम मिलते हैं, क्योंकि पेड़ पर इन्हें पकने में कुछ समय लगता है।

ऐसे पकाते हैं कच्चे आमों को
कच्चे आमों को कई तरह से पकाया जा सकता है। इन्हें पकाने के लिए सबसे पहले कच्चे आम पूरी तरह परिपक्व होने चाहिए यानी वे आकार में बड़े हों और दबाने पर कड़े हों। घर पर कच्चे आमों को इस तरह पका सकते हैं:

देसी तरीका: कच्चे आमों को टिश्यू पेपर या अखबार में लपेटकर 3-4 दिन के लिए किसी ऐसी जगह रख दें जो घर के बाकी हिस्सों की अपेक्षा कुछ गर्म हो। यहां ध्यान रहे कि आम रखने की जगह पर अंधेरा भी होना चाहिए। 3-4 दिन पर आम को थोड़ा दबाकर देंगे। अगर वह दब जाए तो समझ लें कि आम पक गया है।

इथरेल दवा से: इस दवा को पानी में मिलाकर उनमें कच्चे आमों को डुबोया जाता है। करीब पांच मिनट बाद आमों को निकालकर अलग किसी बड़े बर्तन में रख देते हैं। इसके बाद उन आमों को ऐसे ही करीब रातभर छोड़ दिया जाता है। सुबह आम पके हुए मिलते हैं। इस तरह से पके आमों को खाने से सेहत पर कोई बुरा असर नहीं पड़ता। इथरेल की 100 ml की शीशी करीब 250 रुपये में आती है।

चीनी पुड़िया (Ethylene Ripener): अब मार्केट में एक पुड़िया आती है, जिसमें एक केमिकल पाउडर के रूप में होता है। यह चीन से आती है। इसे पानी से भिगोकर कच्चे आमों के बीच में रखा जाता है और फिर करीब 20 घंटे के लिए आमों को छोड़ दिया जाता है। इस दौरान ध्यान रहे कि आम किसी पुराने अखबार से ढके हों। इससे निकलने वाली एथिलीन गैस से आम पक जाते हैं। ये आम सेहत के लिए हानिकारक नहीं होते।
कैल्शियम कार्बाइड है खतरनाक: आमों को पेड़ से कच्चा तोड़ने के बाद उन्हें कैल्शियम कार्बाइड से भी पकाया जाता है। आम पकाने का यह तरीका सेहत के लिए काफी खतरनाक होता है। कैल्शियम कार्बाइड से आर्सेनिक जैसी घातक गैसें निकलती हैं। इस तरीके में कैल्शियम कार्बाइड को एक छोटी पुड़िया में रखकर उसे आमों के बीच में रख देते हैं। 24 घंटे बाद आम पक जाते हैं।
ऐसे करें पके आम की पहचान
- आम के ऊपर सफेद धब्बे या पाउडर न हो।
- पका हुआ आम पूरी तरह से मैच्योर नजर आएगा।
- आम के डाल वाले हिस्सा सॉफ्ट और निचला हिस्सा टाइट है तो इसका मतलब कि उसे सही तरह से पकाया नहीं गया है।
- सही तरह से पके आम का रंग एक जैसा और थोड़ा सुनहरा होता है।
- अच्छी तरह से पका आम थोड़ा सॉफ्ट होता है। अधपका आम कहीं से सॉफ्ट और कहीं से ठोस होगा जबकि कच्चा आम पूरा ही ठोस होगा।

खाने का सही तरीका
- आमों को नमक मिले गुनगुने पानी में एक-दो घंटे के लिए छोड़ दें।
- अब आम को हाथ से रगड़ें और फिर से साफ पानी से धो लें। इसके बाद साफ आम को कपड़े से पौछ लें।
- इसके बाद आम का डंठल वाला हिस्सा हल्का-सा काट कर कुछ बूदें रस निकाल दें। अब आप आम खा सकते हैं।
- कई बार हम लोग आम को छिलके समेत काट लेते हैं और फिर उसे खाते हैं। कई बार खाने के इस तरीके से आम का छिलका भी मुंह में आ जाता है। इससे बचें क्योंकि अक्सर आमों पर खतरनाक पेस्टिसाइड का छिड़काव होता है।

डायबीटीज के मरीज भी खाएं
डायबीटीज का मरीज एक दिन में 50 से 60 ग्राम आम खा सकता है। हालांकि मरीज को इस दौरान ऐसी दूसरी चीजें खाने की मात्रा कम करनी पड़ेगी। आम में पोटैशियम भी होता है। ऐसे में किडनी के मरीज डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही खाएं।
आम आदमी के लिए: अगर मान लें कि एक आम का वजन 300 से 400 ग्राम है और अगर आप बहुत ऐक्टिव नहीं हैं और एक्सरसाइज नहीं करते हैं तो दिन भर में 2 से ज्यादा आम न खाएं।

-----------------------------
तरबूज भी क्या खूब
तरबूज के लिए हर साल मई-जून का मौसम आदर्श माना जाता है। जिला बुलंदशहर में तरबूज और खरबूजा के उत्पादक किसान सुरेंद्र पाल सिंह के मुताबिक ज्यादा गर्मी वाला मौसम तरबूज और खरबूजा के लिए अच्छा माना जाता है, क्योंकि अधिक गर्मी से इनमें मीठापन ज्यादा आता है। यह जुलाई तक मार्केट में रहते हैं। बारिश पड़ने के बाद इनकी मिठास कम हो जाती है और फिर इनका पीक सीजन भी खत्म हो जाता है।

तरबूज के भी हैं कई रूप
मार्केट में आपको कई प्रकार के तरबूज हैं। अब ऐसे भी तरबूज आ रहे हैं जो अंदर से पीले भी निकलते हैं। तरबूज की मुख्य किस्में इस प्रकार हैं:
शुगर बेबी: यह गोलाकार और बाहर से गहरे हरे रंग का होता है। इसका आकार दूसरे तरबूजों की अपेक्षा छोटा और खाने में काफी मीठा होता है। इसी कारण इसे शुगर बेबी कहते हैं। आजकल मार्केट में ये तरबूज ही अधिक हैं। एक तरबूज का वजन 1.5 किलो से 4 किलो तक का होता है। यह थोक मार्केट में 4 से 7 रुपये प्रति किलो और रिटेल में 10 से 50 रुपये किलो तक मिल जाता है।

माधुरी: यह तरबूज आकार में लंबा होता है। इसमें बाहर की ओर हरे रंग की धारियां होती हैं। यह तरबूज खाने में काफी मीठा होता है। इस वैरायटी का एक तरबूज 6 से 15 किलो का होता है। आम परिवार छोटे हैं। इस कारण अब इसकी डिमांड काफी कम है और मार्केट में कम ही दिखाई देते हैं। इसकी कीमत करीब 20 रुपये प्रति किलो है।
अनमोल: यह तरबूज बाहर से हरा, लेकिन अंदर से हल्के पीले रंग का होता है। इसका स्वाद शहद जैसा मीठा होता है। यह मार्केट में 15 से 20 रुपये प्रति किलो की दर से मिल जाता है। हालांकि दिल्ली-एनसीआर में यह कम बेचा जाता है।
ऐसे करें सही तरबूज की पहचान
- तरबूज को उठाकर चारों ओर से देखें। अगर उसमें कोई निशान या कहीं से गला नजर आए तो न खरीदें।
- अगर तरबूज के एक हिस्से पर गहरे पीले रंग का बड़ा धब्बा है तो वह पका हुआ होता है।
- तरबूज को हाथ से बजाकर देखें। अगर भारी और किसी धातु के बजने जैसी आवाज (टन-टन) आए तो वह पका हुआ है। वहीं अगर थप-थप या डब-डब की आवाज आए तो वह ज्यादा पका हुआ होता है।
- तरबूज को उठाकर देखें। अगर वह वजन में हलका है तो उसे खरीदने से बचें।

कैसे और कहां रखें
तरबूज को कटा हुआ या टुकड़ों में काटकर न छोड़ें। अगर मजबूरी में कटा हुआ छोड़ना पड़े तो उन्हें एयरटाइट ढक्कन वाले कंटेनर या पॉलीथीन से ढककर फ्रिज में रख दें। यहां ध्यान रहे कि कटे हुए तरबूज को दो घंटे से ज्यादा समय तक फ्रिज में न रखें। काटकर ठंडा करने के लिए फ्रिज में रखने से बेहतर है कि जब खाना हो, साबुत ही दो घंटे पहले फ्रिज में रख दें। अगर तरबूज कटा हुआ भी है तो उसे फ्रिज में रखने के बजाय सामान्य तापमान पर ही घर में छांव में रखें।

कब और कितना खाएं
- 300 से 400 ग्राम रोजाना
- इन्हें खाने का कोई निश्चित समय नहीं है।
- तरबूज में नमक (काला या सफेद) मिलाकर खाने से शरीर को कुछ एक्स्ट्रा मिनरल्स मिल जाते हैं।

तरबूज की तासीर-
92% पानी
8% शुगर और कार्ब्स
न्यूट्रिशन भी कम नहीं-
विटामिन: A, B, B1, B6, C, D आदि
मिनरल: आयरन, कैल्शियम, कॉपर, बायोटिन, पोटेशियम और मैग्नेशियम।
एसिड: पैंटोथेनिक और अमीनो एसिड।
फैक्ट (100 ग्राम तरबूज में)-
कैलरी: 30
पानी: 92%
प्रोटीन: 0.6 ग्राम
कार्ब्स: 7.6 ग्राम
शुगर: 6.2 ग्राम
फाइबर: 0.4 ग्राम
फैट: 0.2 ग्राम
--------------------------
खरबूजा-सा ना कोई दूजा
खरबूजे के लिए भी अधिक गर्मी का मौसम आदर्श माना जाता है। जितनी ज्यादा गर्मी पड़ती है, बेल पर लगे खरबूजे उतने ही मीठे होते हैं। बारिश पड़ने के बाद इनकी भी मिठास कम हो जाती है और धीरे-धीरे पीक सीजन खत्म हो जाता है। खरबूजा अभी मार्केट में कुछ दिन और मिलेगा। खरबूजे को खाने के कई तरीके हैं। इसे सीमित मात्रा में खाया जाए तो यह सेहत के लिए काफी लाभदायक होता है।

खरबूजा एक, रंग अनेक
वैसे तो मार्केट में कई किस्म के खरबूजे मौजूद हैं, लेकिन कुछ प्रमुख वैराइटी इस प्रकार हैं:
नामधारी: यह खरबूजा मुख्यत: पंजाब से आता है। यह मई-जून तक मार्केट में मिलता है। इसका छिलका सफेद सा और खुरदरा होता है। वहीं यह अंदर से संतरी रंग का और काफी मीठा होता है।
कीमत-
थोक मार्केट: 5-7 रु. प्रति किलो
रिटेलर: 20-30 रु. प्रति किलो

लाल परी: यह खरबूजा मुख्यत: राजस्थान और यूपी से आता है। इसका सीजन भी मई-जून तक रहता है। यह बाहर से दिखने में ईंट जैसा गहरा लाल होता है। वहीं इसमें बीच-बीच में पीली और हरी धारियां होती हैं।
कीमत-
थोक मार्केट: 15-17 रु. प्रति किलो
रिटेलर: 40-20 रु. प्रति किलो

मधुरस: यह खरबूजा मुख्यत: यूपी से आता है। इसका सीजन भी मई से जून तक रहता है। इसका ऊपरी हिस्सा चिकना और हरे-सफेद रंग का होता है। साथ ही इसमें इसमें बीच-बीच में हरे रंग की धारियां होती हैं।
कीमत-
थोक मार्केट: 15-20 रु. प्रति किलो
रिटेलर: 40-50 रु. प्रति किलो
नोट: तरबूज और खरबूजे की कीमतों में कमी-बेशी मुमकिन
ऐसे करें सही खरबूजे की पहचान
- खरबूजे को उठाकर हर तरफ से चेक करें। अगर कहीं से गला दिखाई दे तो उसे न खरीदें।
- अगर खरबूजा दबाने पर मुलायम लग रहा है तो उसे खरीदने से बचें। हो सकता है कि दुकानदार आपको ऐसे खरबूजा को अधिक पका या कुछ और बहाना लगाकर बेचने की कोशिश करे, लेकिन दुकानदार को ना कह दें।
- खरबूजा सूंघें। उसमें से मीठी-मीठी खुशबू आए तो वह पका हुआ और मीठा होता है।

कैसे और कहां रखें
खरबूजा उतना ही काटें, जितने आप एक बार में खा सकें। अगर खरबूजा बच जाए तो उसे एयरटाइट ढक्कन वाले कंटेनर या पॉलीथीन से ढककर फ्रिज में रख दें। खरबूजा दो घंटे से ज्यादा समय तक फ्रिज में न रखें। बिना काटे गर्मी के मौसम में दो दिन तक घर में रख सकते हैं। ध्यान रखें कि इस दौरान खरबूजा छांव और ठंडी जगह में रखा हो।

कब और कितना खाएं
- 150 से 200 ग्राम रोजाना
- खरबूजा खाने का कोई निश्चित समय नहीं है।
- खाना खाने से पहले खाएं तो बेहतर है।

खरबूजे के गुण
90% पानी
10% शुगर और कार्ब्स
न्यूट्रिशन भी कम नहीं-
विटामिन: A, B1, B3, B6, C, K आदि
मिनरल: आयरन, कैल्शियम, पोटेशियम, मैग्नेशियम, फाॅस्फोरस, जिंक, कॉपर।
एसिड: पैंटोथेनिक, फैटी और अमीनो एसिड।
फैक्ट (150 ग्राम तरबूज में)-
कैलरी: 53
पानी: 90%
प्रोटीन: 0.9 ग्राम
कार्ब्स: 12.8 ग्राम
शुगर: 12 ग्राम
फाइबर: 1.9 ग्राम
फैट: 0.3 ग्राम

पेस्टिसाइड का प्रयोग
तरबूज और खरबूजे के बीज की बुवाई के समय खतरनाक पेस्टिसाइड का प्रयोग किया जाता है। यही नहीं, तरबूज और खरबूजे की बेल की ग्रोथ के लिए काफी जगह ड्रिप इरिगेशन का प्रयोग करते हैं, लेकिन इसके लिए पेस्टिसाइड मिले पानी का प्रयोग होता है। जब तरबूज और खरबूजा बड़े होते जाते हैं तो पेस्टिसाइड का काफी हिस्सा इनमें चला जाता है और ऐसे तरबूज/खरबूजा खाने से सेहत पर भी बुरा असर पड़ सकता है।

दावा और सचाई
दावा किया जाता है कि तरबूज और खरबूजे में उनका आकार बढ़ाने, मिठास लाने और पकाने के लिए इंजेक्शन के जरिए कुछ दवा का प्रयोग किया जाता है। इन दावों के बीच हमने भी तरबूज और खरबूजा पर एक एक्सपेरिमेंट किया। हमने दोनों फलों में इंजेक्शन की एक खाली नीडल डाली और करीब 10 सेकंड बाद निकाल ली। फिर हमने दोनों फलों को कमरे के सामान्य तापमान पर छोड़ दिया। तीन दिन बाद जब हमने देखा तो खरबूजा का न केवल रंग बदल गया था, बल्कि वह बहुत ज्यादा सॉफ्ट हो गया था। जब उसे काटा गया, तो अंदर से भी खराब निकला। वहीं तरबूज के जिस जगह नीडल डाली गई थी, वह हिस्सा अंदर से गल गया था। तरबूज का बाकी हिस्सा भी खाने लायक नहीं बचा था। इससे पता चलता है कि अगर इन फलों में किसी भी प्रकार का इंजेक्शन लगाया जाता है, तो वह दो-तीन दिन में ही खराब हो जाएगा।

शुगर पेशंट क्या करें
डायबीटीज के मरीज को तरबूज या खरबूजा खाने में कोई परेशानी नहीं है। इन दोनों फलों को 100 ग्राम तक डायबीटीज के मरीज खा सकते हैं। वहीं किडनी के मरीजों को तरबूज या खरबूजा खाने को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया है। चूंकि दोनों फलों में पोटैशियम होता है। ऐसे में किडनी के मरीज इन दोनों फलों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही खाएं।
------------------------
लीची खाएं, लेकिन ध्यान से
बिहार के मुजफ्फरपुर में चमकी बुखार यानी एक्यूट इंसेफलाइटिस सिंड्रोम (एसईएस) से करीब 128 बच्चों की मौत हो गई है। वहीं इसकी वजह से बड़ी तादाद में बच्चे बीमार हो गए हैं। इन मौतों की वजह हाइपोग्लाइसीमिया और अन्य अज्ञात बीमारी है। कुछ रिपोर्ट में इन मौतों की वजह को लीची भी बताया गया है। रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि लीची में पाए जाने वाले एक जहरीले तत्व की वजह से ये मौतें हो रही हैं। अगर आप खुद या बच्चे को लीची खिला रहे हैं तो इन बातों का ध्यान रखें:

कुपोषित बच्चों को लीची न खाने दें
चमकी बुखार का असर 10 साल तक के कुपोषित बच्चों पर ही पड़ रहा है। एक्सपर्ट के मुताबिक इन बच्चों को ठीक ढंग से खाना और जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाता है। इस कारण इन बच्चों के शरीर की इम्युनिटी कम होती है। सुबह को ये बच्चे खाली पेट ही लीची को बिना ढंग से साफ किए खा लेते हैं। इसके बाद बच्चों के शरीर में शुगर का लेवल गिरना शुरू हो जाता है और बच्चा बीमार पड़ जाता है।

कुपोषित बच्चों की पहचान
- बच्चा पतला-दुबला होता है और उसकी हड्डियां दिखाई देती रहती हैं।
- बच्चे का शरीर पतला और पेट बाहर की ओर निकला रहता है।
- बच्चे के बाल कुछ सुनहरी हो जाते हैं।
- बच्चा शारीरिक रूप से ऐक्टिव नहीं होता है और अधिकतर समय एक ही जगह बैठा-बैठा रोता रहता है।
- उम्र के अनुसार बच्चे की लंबाई और वजन का अनुपात सही नहीं होता है।
- घाव भरने में अधिक समय लगता है।
- बच्चे को सांस लेने में परेशानी होती है और वह चिड़चिड़ा रहता है।

अधपकी या कच्ची लीची न खाएं
लीची कभी भी अधपकी या कच्ची और खाली पेट नहीं खानी चाहिए। पकी और बिना कीड़े वाली लीची को पहले छील लें। अब उसके खाने वाले हिस्से (गूदा) को उसकी गुठली से अलग कर लें। गूदा को भी गौर से देखें कि कहीं उसमें भी कीड़े तो नहीं हैं। अगर गूदा में कीड़े नहीं हैं तो उसे किसी बर्तन में इकट्ठे कर लें। इकट्ठे उतने ही करें जितना आप खा सकें। इसके बाद गूदा को फिर से साफ पीने वाले पानी से दो बार धोएं। अब इस गूदे को खा सकते हैं। यह तरीका आपको लंबा जरूर लग सकता है, लेकिन सेहत के लिए जरूरी है।

कीड़ों का रखें ध्यान
इस फल में कीड़े मिलने की भी आशंका ज्यादा होती है। लीची का वह हिस्सा जो डंठल से लगा होता है, वहां कीड़े अधिक मिलते हैं। इन कीड़ों का रंग लीची के रंग जैसा होता है, इसलिए ये कई बार दिखाई भी नहीं देते। लीची खाते समय अगर कीड़े दिखाई दें तो उस लीची को फेंक दें।

एक्सपर्ट पैनल
- डॉ. आर. आर. शर्मा
चीफ साइंटिस्ट
पूसा इंस्टिट्यूट

- डॉ. अशोक झिंगन
डायबीटीज एक्सपर्ट

- डॉ. स्कंद शुक्ल
सीनियर फिजिशन

- इशी खोसला
न्यूट्रिशनिस्ट ऐंड डाइट एक्सपर्ट

- नीलांजना सिंह
सीनियर डाइटिशन

- एस. सी. शुक्ला
आम उत्पादक, लखनऊ

- संजय वत्नानी
प्रमुख आम व्यापारी

- राम गोपाल मिश्रा
प्रमुख फल व्यापारी


Sunday, July 28, 2019

सेहत का लिवर , लिवर के बारें में पूरी जानकारी

सेहत का लिवर
Health Guide For Liver on Hepatitis Day Today

हेपटाइटिस का नाम लेते कुछ डर-सा लगता है, लेकिन सच यह है कि अगर हम होशियार रहें तो यह उतना खतरनाक नहीं है। विशेषज्ञों से बात कर जानकारी दे रहे हैं लोकेश के. भारती

क्या है हेपटाइटिस
सामान्य शब्दों में इसे लिवर में हेपटाइटिस वाइरस (HBV) का इन्फेक्शन कह सकते हैं। यह वाइरस खून, असुरक्षित सेक्स, दूसरों के इस्तेमाल की गई सूई से फैलता है और हां, मां से उसके नवजात बच्चे में भी। चूंकि यह वाइरस सीधे लिवर पर हमला करता है और इस वजह से लिवर में सूजन आ जाती है, इसलिए बीमारी को हेपटाइटिस नाम दिया गया।

कितनी तरह का हेपेटाइटिस
-A, B, C, D, E और G
-इनमें A और B सबसे कॉमन हैं।
-A और E ज्यादा खतरनाक नहीं होते।
-B और C सबसे खतरनाक होते हैं और इन्हें क्रॉनिक हेपटाइटिस माना जाता है।
-D कभी भी अकेला नहीं रहता। यह हमेशा B के साथ ही ऐक्टिव होता है।
- हेपटाइटिस A और B के लिए वैक्सीन उपलब्ध है, लेकिन हेपटाइटिस C के लिए नहीं।
-हेपटाइटिस E और G के मामले बहुत कम होते हैं।

हेपटाइटिस के लक्षण
-जोड़ों और पेट में दर्द, उलटी और कमजोरी
-हमेशा थकान रहना
-बुखार आ जाना और यूरिन का रंग गाढ़ा होना
-भूख कम लगना
-त्वचा पीली पड़ना और आंखों का सफेद हिस्सा भी पीला पड़ना
-पेशाब का रंग पीला होना

नोट: सामान्य फीवर और हेपटाइटिस के लक्षणों में कुछ खास फर्क होता है। मसलन, सामान्य बुखार में पेट दर्द, पेशाब का पीला होना जैसे लक्षण नहीं आते जबकि हेपेटाइटिस में ये खास लक्षण होते हैं। ऐसे लक्षण किसी दूसरी बीमारी में भी हो सकते हैं, इसलिए डॉक्टर से जरूर सलाह लें।

हेपटाइटिस के टेस्ट
अगर ऊपर के लक्षण हैं तो सबसे पहले लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT) करवाया जाता है। इससे यह पता चलता है कि लिवर सही ढंग से काम कर रहा है या नहीं। अगर लिवर फंक्शन में कोई समस्या दिखती है तो फिर वाइरस की पहचान के लिए टेस्ट करवाया जाता है।
LFT का खर्च 500-1200 रुपये
रिपोर्ट: ब्लड सैंपल सुबह देने पर शाम तक या दूसरे दिन रिपोर्ट मिल जाती है।

इतना खतरनाक क्यों
इसकी सबसे बड़ी वजह है कि इसका इन्फेक्शन साइलेंट होता है। कई बार लोगों को इन्फेक्शन होता है, लेकिन उन्हें साल, दो साल तक पता नहीं चलता। इस वाइरस की वजह से कभी-कभी लिवर कैंसर भी हो सकता है।

कितनी तरह के हेपटाइटिस B
1. एक्यूट हेपटाइटिस बी: इसका इन्फेक्शन 6 महीने तक रह सकता है। हेपटाइटिस B पैनल टेस्ट से इसके बारे में पता चल जाता है।
2. क्रॉनिक हेपटाइटिस B: अगर ब्लड में हेपटाइटिस बी का वाइरस 6 महीने से ज्यादा समय से हो तो उसका इलाज क्रॉनिक हेपटाइटिस बी के रूप में किया जाता है। यह ज्यादा खतरनाक है।

कैसे फैलता है
-संक्रमित ब्लड दूसरे शख्स के शरीर के ब्लड से संपर्क होने पर
-संक्रमित शख्स के साथ असुरक्षित सहवास करने से
-सूई जैसी चीजें जिन पर खून लगने का अंदेशा हो, उसे दोबारा इस्तेमाल करने पर अगर पहला शख्स संक्रमित हो
-मां से उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को
-ऐसे हॉस्पिटल या ब्लड बैंक से ही खून लें, जहां तरीके से चेक करने के बाद ही खून लिया जाता हो
-टैटू लगवाने के दौरान
-दांत का इलाज कराने के दौरान इन्फेक्टेड इक्वेपमेंट्स इस्तेमाल करने से
नोट: यह छूने से नहीं फैलता और न ही हवा, छींकने से, खांसी या टॉयलेट की सीट इस्तेमाल करने से।

वैक्सीन लगाने की जरूरत
-वैक्सीन सभी बड़ों को लगवाने की जरूरत नहीं, हालांकि कुछ डॉक्टर सभी को वैक्सीन लगाने की सलाह देते हैं।
-सभी नवजात (1 साल तक के बच्चे) को लगवाना जरूरी
-मेडिकल फील्ड और पब्लिक सेफ्टी के लिए काम करने वाले लोगों को
-जिनकी किडनी खराब हो और डाइलिसिस होता हो
-जिन्हें बार-बार अपना खून बदलवाना पड़ता हो
-शरीर पर टैटू बनवाने वाले लोग असुरक्षित सेक्स किया हो तो
-जिनकी फैमिली में हेपटाइटिस बी किसी को पहले या अभी हुआ हो
-अगर किसी को यह वैक्सीन पहले लग चुका है तो उसे नहीं लगवाना चाहिए।

कितना सुरक्षित है वैक्सीन
हेपटाइटिस B वैक्सीन असरदार है। दरअसल, यह वैक्सीन कैंसररोधी है। यह बीमार शख्स में लिवर कैंसर होने से रोकता है। दुनिया में 80 फीसदी से ज्यादा लिवर कैंसर के मामले हेपटाइटिस B की वजह से ही होते हैं।

नोट: अगर किसी को पहले यह वैक्सीन लग चुका है, लेकिन उसे ठीक से याद नहीं तो सबसे पहले उसे डॉक्टर की सलाह से ब्लड टेस्ट (anti-HBs) करवाना चाहिए। वैसे दोबारा लेने से कोई नुकसान नहीं होता।

हेपटाइटिस A
हेपटाइटिस A क्रॉनिक (जो बीमारी लंबे समय तक रहे) नहीं, एक्यूट (ऐसी बीमारी जो कम समय तक रहे यानी कम खतरनाक) है। यह लिवर को अमूमन नुकसान नहीं पहुंचाता।
वैक्सीन
बच्चों में: 18 से 20 महीने की उम्र में
खर्च: ₹2000 से 2500 (पेनलेस), सामान्य: ₹400 से 600

बड़ों में: शरीर में हेपेटाइटिस A के लिए एंटीबॉडी कम होने पर डॉक्टर के कहने पर। खर्च: ₹2000 से 2500 (पेनलेस), सामान्य: ₹400 से 600

टेस्ट : Hepatitis A IgM  खर्च: ₹200-300

बचाव:  हेपटाइटिस A गंदे खानपान से फैलता है, इसलिए साफ खानपान जरूरी है।

हेपटाइटिस C
सी वायरस का इन्फेक्शन होने के करीब डेढ़ से दो महीने बाद लक्षण नजर आते हैं। जिन मामलों में एक महीने से चार महीने में लक्षण नजर आ जाते हैं, उन्हें एक्यूट कहा जाता है। इन्फेक्शन को छह महीने से ज्यादा हो जाए तो वह क्रॉनिक कहलाता है। ऐसा होने पर मरीज के पूरी तरह ठीक होने के आसार कम हो जाते हैं। हालांकि क्रॉनिक के मामले कम ही होते हैं। जिनको बचपन में यह इन्फेक्शन होता है, ज्यादातर उन्हीं में बड़े होने पर क्रॉनिक हेपटाइटिस होता है।
टेस्ट: HCV RNA खर्च: ₹5000-6000
नोट: हेपटाइटिस सी का वैक्सीन उपलब्ध नहीं है।
( खर्च में कमी-बेशी मुमकिन है।)

प्रेग्नेंसी और हेपटाइटिस
मां को अगर हेपटाइटिस है तो बच्चे के भी इससे पीड़ित होने की आशंका रहती है। प्रेग्नेंसी के दौरान सही इलाज न हो तो महिला को ब्लीडिंग हो सकती है और बच्चे व महिला, दोनों की जान जा सकती है। अगर मां को पहले से मालूम है कि उसे हेपटाइटिस है तो उसे डॉक्टर को जरूर बताना चाहिए। जिन महिलाओं को हेपटाइटिस बी का टीका लगा है, उन्हें भी प्रेग्नेंसी के दौरान जांच करानी चाहिए। जन्म के बाद भी बच्चे को टीका लगाकर बीमारी से बचाया जा सकता है।

क्या है पीलिया
मां को अगर हेपटाइटिस है तो बच्चे के भी इससे पीड़ित होने की आशंका रहती है। प्रेग्नेंसी के दौरान सही इलाज न हो तो महिला को ब्लीडिंग हो सकती है और बच्चे व महिला, दोनों की जान जा सकती है। अगर मां को पहले से मालूम है कि उसे हेपटाइटिस है तो उसे डॉक्टर को जरूर बताना चाहिए। जिन महिलाओं को हेपटाइटिस बी का टीका लगा है, उन्हें भी प्रेग्नेंसी के दौरान जांच करानी चाहिए। जन्म के बाद भी बच्चे को टीका लगाकर बीमारी से बचाया जा सकता है।

टैटू से कैसे फैलता है हेपटाइटिस
टैटू बनवाते समय पतली नीडल से इंक स्किन के अंदर डाली जाती है। वह ब्लड के संपर्क में आती है। अगर वह नीडल पहले से ही किसी हेपेटाइटिस इन्फेक्टेड शख्स की स्किन के अंदर पहुंचकर उसके ब्लड के संपर्क में आ चुकी है तो उसके आगे जो लोग टैटू गुदवाएंगे, उन्हें हेपटाइटिस बी या सी के इन्फेक्शन का खतरा बहुत ज्यादा रहेगा। इससे एचआईवी का खतरा भी है।

कैसे बचें टैटू वाले इन्फेक्शन से
-अगर कोई टैटू बनाने वाला आर्टिस्ट नीडल को नहीं बदलता या सही तरीके से साफ नहीं करता तो यह सेफ्टी के खिलाफ है।
-ऐसे किसी भी पार्लर से टैटू नहीं गुदवाएं, जिसे लाइसेंस न मिला हो। सड़क किनारे गुदवाने में यह खतरा बढ़ जाता है।
-वैसे तो ज्यादातर आर्टिस्ट्स ग्ल्वस पहनते हैं। सिर्फ ग्लव्स पहनना काफी नहीं है। उसे ग्लव्स पहनने से पहले हाथ को अच्छी तरह साफ करना चाहिए। यह भी ध्यान रहे कि आर्टिस्ट हर बार नए ग्लव्स पहनकर ही टैटू गोदे।
-सिर्फ टैटू मशीन को साफ करने से काम नहीं चलेगा। मशीन को हर बार स्टरलाइज करना भी जरूरी है। कई बार किसी टॉवेल से पोंछकर मशीन को साफ कर दिया जाता है। यह हेपटाइटिस से बचने के लिए पर्याप्त सफाई नहीं है।
-स्टरलाइजेशन प्रक्रिया में केमिकल के इस्तेमाल से या गर्मी से बैक्टीरिया या वाइरस को मारा जाता है।
-जहां पर टैटू गुदवाना हो, शरीर के उस हिस्से की सफाई भी जरूरी है। उसे भी केमकिल की मदद से स्टरलाइज किया जाना चाहिए।

हेल्दी लिवर के 7 टिप्स
-सुबह एक गिलास गुनगुना पानी और दिन में कम से कम 2 लीटर गुनगुना या सामान्य साफ पानी पिएं।
-शराब न पिएं। सेल्फ मेडिकेशन (डॉक्टर से बिना पूछे, खुद से दवाई लेना) न करें।
-नीबू, ग्रीन टी, फलों का जूस (स्ट्रॉबेरी, ब्लैकबेरी) आदि पिएं।
-सात या पंद्रह दिनों पर किसी दिन जूस उपवास रखने से लिवर को फायदा होगा।
-प्रोसेस्ड फूड जिनमें बहुत ज्यादा प्रिजर्वेटिव, फैट्स और कॉलेस्ट्रॉल हों, खाने से बचें। मसलन, फास्ट फूड, डीप फ्राइड फूड आदि न खाएं।
-हरी साग-सब्जियां (करेला, सरसों का साग, पालक) आदि को खाने में शामिल करें।
-लहसुन और अखरोट को भी डाइट में शामिल करें।

एक्सपर्ट पैनल
-डॉ. एस. के. सरीन डायरेक्टर, द इंस्टिट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलयरी साइंस
-डॉ. के. एन. सिंगला, एचओडी एंड सीनियर कंसल्टेंट, गेस्ट्रोइंटेरॉलजी, मैक्स
-डॉ. (कर्नल) वी. के. गुप्ता, स्पेशलिस्ट, गेस्ट्रोइंटेरॉलजी एंड हेपटॉलजी
डॉ. संदीप गर्ग, डायरेक्टर, डिपार्टमेंट ऑफ मेडिसिन, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज

साभार नवभारत टाइम्स 

Friday, July 26, 2019

सेंधा नमक के ये हैं बड़े गुण

*सेंधा नमक के ये गुण शर्तिया आपको नहीं पता होंगे, जरूर पढ़ें*
 शशांक द्विवेदी
1 सेंधा नमक में लगभग 65 प्रकार के खनिज लवण पाए जाते हैं, जो कई तरह की बीमारियों से बचाने में मददगार होते हैं। वहीं इसका एक बढ़ि‍या फायदा यह है कि यह पाचन के लिए फायदेमंद है। चूंकि यह पाचक रसों का निर्माण करता है, इसलिए कब्ज भी दूर करने में सहायक है।
2 यह कोलेस्ट्रॉल कम करने में सहायक है, जिससे दिल के दौरे की संभावना को भी कम करता है। इसके अलावा हाई ब्लडप्रेशर को कंट्रोल करने में भी सेंधा नमक फायदेमंद होता है।
3 तनाव अधिक होने पर सेंधा नमक का सेवन करना लाभकारी होगा, यह सेरोटोनिन और मेलाटोनिन हार्मोन्स का स्तर शरीर में बनाए रखता है, जो तनाव से लड़ने में आपकी मदद करते हैं।
4 मांसपेशियों में दर्द या ऐंठन हो, या फिर हड्ड‍ियों से जुड़ी कोई समस्या, सेंधा नमक का सेवन करने से आपकी यह समस्या धीरे-धीरे पूरी तरह से समाप्त हो जाएंगी।
5 पथरी यानि स्टोन हो जाने पर, सेंधा नमक और नींबू को पानी में मिलाकर पीने से कुछ ही दिनों में पथरी गलने लगती है। वहीं साइनस के दर्द को कम करने में ही सेंधा नमक फायदेमंद है।
6 डाइबिटीज और अस्थमा व आर्थराइटिस के मरीजों के लिए सेंधा नमक का सेवन काफी लाभदायक होता है। यह शरीर में शर्करा के स्तर को नियंत्रित रखने में भी फायदेमंद है।
7 अनिद्रा होने पर सेंधा नमक असरकारी है, वहीं त्वचा रोगों एवं दंत रोगों में भी इसका प्रयोग किया जाता है। मोटापा कम करने के लिए भी सेंधा नमक का प्रयोग करना बेहतर तरीका है।

Tuesday, July 23, 2019

जोड़ों में अकड़न हो तो ,प्रोटीन की कमी हो सकती है

*जोड़ों में होने लगे अकड़न, तो हो सकती है प्रोटीन की कमी*
 शशांक द्विवेदी
1 पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन नहीं लेने से जोड़ों में मौजूद तरल पदार्थ का निर्माण कम होता है, जिससे लचीलापन कम हो जाता है और जोड़ों में अकड़न के साथ मांसपेशि‍यों में भी दर्द की समस्या बढ़ने लगती है।
2 शरीर में प्रोटीन की कमी से सफेद रक्त कोशि‍काओं की संख्या कम होती जाती है और हीमाग्लोबिन भी कम हो सकता है। इन कारणों से आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कम होती है।
3 प्रोटीन की कमी से रक्त में शर्करा का स्तर कम होता है, जिससे शारीरिक कमजोरी महसूस होने के साथ ही थकावट जैसी परेशानियां पैदा होती है। इसके अलावा आपको बार-बार भूख लगने का कारण भी प्रोटीन की कमी हो सकती है।
4 आपके सौंदर्य के लिहाज से भी प्रोटीन बेहद जरूरी है। अगर सही मात्रा में प्रोटीन नहीं लिया गया, तो इसका असर आपके बाल और नाखूनों पर भी नकारात्मक होता है।
5 अगर आप बार-बार बीमार पड़ रहे हैं और शारीरिक दर्द की समस्या से गुजर रहे हैं, तो इसका कारण भी प्रोटीन की कमी हो सकती है, क्योंकि आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी आने का एक बड़ा कारण यह भी है।

उपवास रखने में परहेज करें ,अगर ये 5 बीमारी हो तो

*इन 5 में से कोई 1 भी बीमारी हो, तो व्रत रखने से करें परहेज*
 शशांक द्विवेदी
1 अगर आपके शरीर में शर्करा का स्तर असंतुलित है या आप डायबिटीज के मरीज हैं, तो आपको उपवास बिल्कुल नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह शर्करा के स्तर को असंतुलित कर आपकी सेहत को काफी हद तक बिगाड़ सकता है।
2 अगर हाल ही में आपका कोई ऑपरेशन या सर्जरी हुई है, तो आपको उपवास करने से बचना चाहिए क्योंकि उसके पुन: संरक्षण में आपको पर्याप्त पोषण और ऊर्जा की आवश्यकता होगी।
3 अगर आपके शरीर में खून की कमी है, तो व्रत-उपवास करने से बचें और आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करें। खून की कमी होने पर उपवास करना सेहत से खिलवाड़ हो सकता है।
4 अगर आप हार्ट, किडनी, फेफड़े या लिवर संबंधित बीमारी से ग्रस्त हैं, तो उपवास करने से बचें, क्योंकि इससे आपकी आंतरिक शारीरिक व्यवस्थाएं गड़बड़ा जाएंगी और सेहत को इसका खामियाजा चुकाना होगा।
5 गर्भावस्था या मां बनने पर भी आापका व्रत-उपवास रखना न केवल आपकी सेहत को, बल्कि शिशु की सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। अगर इस समय व्रत करना ही पड़े, तो भरपूर पोषण युक्त आहार लें।

Sunday, July 21, 2019

रात में भिगों कर खाएंगे तो फायदा होगा .

*अगर इन 6 चीजों को रातभर भिगोकर खाएंगे, तो बीमारियों से रहेंगे कोसों दूर*
 शशांक द्विवेदी
1. मुनक्का -इसमें मैग्नीशियम, पोटेशियम और आयरन काफी मात्रा में होते हैं। मुनक्के का नियमित सेवन कैंसर कोशिकाओं में बढ़ोतरी को रोकता है। इससे हमारी स्किन भी हेल्दी और चमकदार रहती है। एनीमिया और किडनी स्टोन के मरीजों के लिए भी मुनक्का फायदेमंद है।
2. काले चने -इनमें फाइबर्स और प्रोटीन की पर्याप्त मात्रा होती हैं जो कब्ज दूर करने में सहायक होते है।
3. बादाम -इसमें मैग्नीशियम होता है जो हाई बीपी के रोगियों के लिए फायदेमंद होता है। कई अध्ययनों में पाया गया है कि नियमित रूप से भीगी हुई बादाम खाने से खराब कोलेस्ट्रॉल का लेवल कम हो जाता है।
4. किशमिश -किशमिश में आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं। भीगी हुई किशमिश को नियमित रूप से खाने से स्किन हेल्दी और चमकदार बनती है। साथ ही शरीर में आयरन की कमी भी दूर होती है।
5. खड़े मूंग -इनमें प्रोटीन, फाइबर और विटामिन बी भरपूर मात्रा में होता है। इनका नियमित सेवन कब्ज दूर करने में बहुत फायदेमंद होता है। इसमें पोटेशियम और मैग्नेशियम भी भरपूर मात्रा में होने की वजह से डॉक्टरस हाई बीपी के मरीजों को इसे रेगुलर खाने की सलाह देते है।
6.  मेथीदाना -इनमें फाइबर्स भरपूर मात्रा में होते हैं जो कब्ज को दूर कर आंतों को साफ रखने में मदद करते हैं। डायबिटीज के रोगियों के लिए भी मेथीदाने फायदेमंद हैं। साथ ही इनका सेवन महिलाओं में पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द को भी कम करता हैं।

बहुत फायदेमंद है मूँग दाल का पानी

*वजन घटाना है, तो घबराएं नहीं.. रोजाना पिएं मूंग दाल का पानी*
 शशांक द्विवेदी
मूंग की दाल अधिकांश घरों में बनाई जाती है और काफी पसंद भी की जाती है। वैसे तो सभी तरह की दालों में पौष्टिक तत्व होते हैं, लेकिन हम आपको बता रहे हैं कि मूंग की दाल खाने से आपको कौन से फायदे मिलेंगे -
1 मूंग की दाल में भारी मात्रा में कैल्शियम, मैग्नेशियम, पोटैशियम और सोडियम होता है। साथ ही इसे खाने से विटमिन-सी, कार्ब्स, प्रोटीन और डायटरी फाइबर भी मिलता है।
2 मूंग की दाल खाने से एनीमिया की समस्या में राहत मिलती है और वजन कम करने में भी ये सहायक होती है।
3 मूंग की दाल का पानी पिने से फाफी देर तक पेट भरा रहता है और आप एनर्जेटिक भी फील करते हैं।
4 मूंग की दाल का पानी छोटे बच्चों के लिए भी फायदेमंद होता है, बच्चे इसे आसानी से पचा पाते हैं। ये बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करती है।
5 अगर किसी को दस्त या डायरिया की समस्या हो गई हो, तो उन्हें 1 कटोरी मूंग दाल पिलाएं। इससे उनके शरीर में पानी की कमी पूरी होगी साथ ही दस्त रूकने में मदद मिलेगी।