Thursday, December 19, 2013

कितने दूर -कितने पास

  
हम कितने दूर है ,कितने पास है
इसका न तुम्हे एहसास है ,न मुझे एहसास है ,
किसी क्षण में तो हम इतना दूर चले जाते है ,
कि लगता है पास ही न आ पायेंगे
और किसी क्षण में हम इतना पास हो जाते है
कि लगता है कभी दूर ही न जा पायेगें,
प्रति क्षण बदलता रहता है इस नजदीकी और दूरी का एहसास
कभी –कभी कितना दूर होकर भी पास होतें है हम ,
और कभी –कभी कितना पास होकर भी दूर रहतें है हम ,
नजदीकी और दूरी के इस पेंडुलम में हम झूलते ही रहते है
कभी नजदीकी ज्यादा होती है कभी दूरी ज्यादा होती है

 प्यार और नफरत की पूरकता

जिंदगी किताब नहीं होती
जिंदगी “जिंदगी “होती है
तभी तो प्यार में नफरत
और नफरत में प्यार
दोनों का एहसास साथ रहता है
कोई एक हमेशा ही प्रभावी रहता है
तभी तो जिंदगी की दूरी में भी नजदीकी
और नजदीकी में भी दूरी का एहसास साथ रहता है हमेशा
दोनों पूरक है एक दूसरे के
एक के न होने का मतलब दूसरे का होना है
हम कितनी भी दूर हो लें
फिर भी पास आ जातें है
और कितना भी पास हो ले दूर चले जाते है
स्वरचित -शशांक द्विवेदी 

(संपादक ,विज्ञानपीडिया डाट  कॉम)

स्वराज्य और रामराज्य !!!

हम स्वराज्य लायेंगे ,
हम रामराज्य लायेंगे ,
लेकिन जब वो आये थे तो न स्वराज्य दिखा ,न रामराज्य दिखा
तब सिर्फ स्वार्थ राज्य दिखा
“सौगंध राम की खातें है हम मंदिर वहीं बनायेंगें “,
नारा लगता था उस समय
लेकिन जब सत्ता मिली तब न सौगंध याद आयी न मंदिर याद आया
अब चुनाव आने वाले है
अब सौगंध भी याद आ गयी
मंदिर भी याद आ गया ,
अब नारे भी याद आने लगे ,
सारी याददाश्त वापस आ गयी चुनाव में ,
राम मंदिर और राम राज्य याद आ जाते है चुनाव में ,
चुनाव तक “राम “ का नाम ही चलता है ,
मुँह से राम का नाम ही निकलता है
गरीब और अमीर सबको “राम “ की याद दिलाएंगे
गरीब को बताएँगे कि “राम “ बड़ा है रोटी से
“राम “ को ही लायेंगे
तब सिर्फ “राम “ ही पहनना और “राम “ ही खाना
सब कुछ “राम मय“ हो जाएगा
अमीर तो राम की सौगंध पहले ही खाते थे
अब गरीब भी खाने लगा ,
“राम “ पहले अमीर के ही थे
अब गरीब के भी हो गये
रोटी से पहले “राम “ आ गया
चुनाव आ गया ....


स्वरचित -शशांक द्विवेदी 

सपने जरुर देखने चाहिए

शशांक द्विवेदी 
आज अजीज मित्र युवा कवि और लेखक प्रांजल धर ने इसी महीने की "योजना " (प्रकाशन विभाग ,भारत सरकार की महत्वपूर्ण पत्रिका ) भेजी जिसमें मेरा लेख प्रकाशित हुआ है .इसी अंक में उनका भी एक लेख है .."योजना " देखकर असीम प्रसन्नता हुई क्योंकि इस पत्रिका में छपना बेहद महत्वपूर्ण लगता है ,इसमें मेरे कई लेख प्रकाशित हुए है और हर बार एक सुखद अनुभूति होती है ..क्योंकि जब मै इलाहाबाद में था उस समय इस पत्रिका का क्रेज मैंने युवा प्रतियोगियों में देखा था तब से यही सपना देखा था कि योजना ,कुरुक्षेत्र और विज्ञान प्रगति में एक दिन मेरे लेख जरुर आयेंगे ..उस समय इलाहबाद में मेरे मामा जी नवभारतटाइम्स अखबार लेते थे जो एक दिन बाद आता था (आज का अखबार कल ) उसमें संपादकीय पेज बड़ा आकर्षित करता था और हर दिन का पढता और संभाल कर रखता था इस सपने के साथ कि एक दिन मै भी इसमें जरुर लिखूंगा और मेरे मामा उसे पढ़कर शाबाशी देंगे ..मै घर में बाबा जी से कहता था देखना बाबा एक दिन सब बड़े -बड़े अखबारों में लिखूंगा .. उस समय उम्र कम थी (12 वी पास करके इलाहाबाद में पहुँचा था ) लेकिन सपने काफी बड़े थे ..लेकिन उस समय के देखे हुए सपने आज जब पूरे होते है तो लगता है कि सपने देखने चाहिए ..एक दिन जरुर पूरे होते है ...उन सपनों को याद करके आज भी ताकत मिलती है .. 

खुर्शीद अनवर को विनम्र श्रधांजली ..

शशांक द्विवेदी
मै खुर्शीद अनवर को व्यक्तिगत तौर पर नहीं जानता ,मुझे यह भी नहीं पता कि जो आरोप उन पर लगे है वो सही है या गलत ,लेकिन मै इतना जानता हूँ कि जनसत्ता में उनके लेख मुझे बहुत पसंद थे ..उनकी फ़ेसबुक पोस्ट शानदार रहती थी ..बेहतरीन सोच वाले व्यक्ति लगते थे ..आज उनकी आत्महत्या की खबर से मुझे दुःख हुआ क्योंकि सोशल मीडिया और मीडिया ट्रायल ने उनको अपना पक्ष रखने का मौका ही नहीं दिया ,उनको जबरदस्ती "बलात्कारी " घोषित कर दिया .गया ...इस पर एक मशहूर गजल की एक पंक्ति याद आती है "मुझको पहले सजा दी गयी फिर अदालत में लाया गया "
उनकी मौत ने प्रगतिशील लोगों पर और न्याय के बेसिक सिद्धांत पर कई सवाल खड़े किये है ..जो भी हुआ वो ठीक नहीं हुआ ,बेहद अफसोसजनक ..खुर्शीद अनवर को मेरी तरफ से विनम्र श्रधांजली ..

Wednesday, November 27, 2013

लेखन में सफलता के पीछे का सच

आज कुछ कहने का मन है लेखन के बारे में
ये फोटो /न्यूज 9 पहले साल नवम्बर 2004 में दैनिक जागरण ,आगरा में प्रकाशित हुई थी 

पिछले 10 दिनों में विभिन्न विषयों पर देश के कई प्रमुख हिंदी अखबारों और पत्रिकाओं में मसलन दैनिक जागरण ,नवभारतटाइम्स,हिंदुस्तान ,लोकमत ,नई दुनियाँ ,राष्ट्रीय सहारा ,डेली न्यूज ,प्रभातखबर ,जनसंदेश टाइम्स , हरिभूमि ,हिमाचल दस्तक ,ट्रिब्यून ,अमर उजाला कॉम्पैक्ट ,द सी एक्सप्रेस ,कल्पतरु एक्सप्रेस ,डीएनए ,दबंग दुनियाँ ,आई नेक्स्ट ,मिड डे ,जनवाणी ,दैनिक आज के साथ सुप्रसिद्ध मैगज़ीन शुक्रवार ,इलेक्ट्रानिकी में मेरे लेख प्रकाशित हुए.. कभी –कभी ये सब सपना जैसा लगता है लेकिन हकीकत में ये सब देखकर बेहद खुशी मिलती है कि बचपन में एक स्तंभकार बनने का सपना सच हो रहा है .हर दिन खुद से ही मेरा कंपटीशन रहता है ,हर दिन बस और बेहतर ..और बेहतर लिखने की ललक रहती है .कितना भी लिख लू ,कितना भी छप जाए हर दिन एक नई चुनौती लेकर फिर आगे बढ़ने की कोशिश करता हूँ .मेरे आलोचक ही मेरे प्रेरणा स्रोत रहें है ,जब कोई मेरे लेख पढ़कर मुझे नकारने लगता है तो सोचता हूँ अगली बार इससे भी ज्यादा बेहतर करूँगा ,कोई कब तक नकारेगा ? 20 साल की उम्र से लिखना शुरू किया पहले संपादक के नाम पत्र ,फिर लेख ,इस दौरान मैंने बहुत उपेक्षा झेली ..किसी ने कहा त्योहारी लेखक हो तो किसी ने कहा कि छापामार लेखक हो ,किसी ने कहा हिंदी में विज्ञान लिखते हो कौन छापेगा तो किसी ने कहा कि ये सब छोड़कर कुछ ढंग का काम करो ..बहुत सारी बाते लोगों ने कही ,..ठेस भी पहुँची लेकिन रुका नहीं ..इतने ज्यादा आलोचकों के साथ कुछ ऐसे भी लोग मुझे बहुत कम उम्र में मिले जिन्होंने मुझे आगे बढ़ने का प्रोत्साहन दिया ,लिखना सिखाया ,सम्मान दिया ..ऐसे लोगों के बारे में कुछ याद करता हूँ तो सबसे पहले सुभाष राय सर (उस समय अमर उजाला आगरा में स्थानीय संपादक थे ) का नाम याद आता है जिन्होंने 2003 में (जब मै इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष का छात्र था ) मुझे अमर उजाला के लिए एक कॉलम साइबर बाइट्स लिखने का मौका दिया ,खूब प्यार दिया ,सम्मान दिया ..उस दरम्यान मेरे सबसे बड़े अभिभावक वही थे ,आफिस में रोज कॉफी पिलाते थे.उनके पास रोज एक घंटे बैठकर मै बक –बक करता रहता था और वो ध्यान से सुनते रहते थे ..कभी कुछ कहा नहीं ,डांटा नहीं .सिर्फ सिखाया ,बताया ,समझाया .दूसरे व्यक्ति है राजीव सचान सर जिनसे मै कभी मिला नहीं ,पिछले 10 सालों से सिर्फ फोन पर बातें हुई लेकिन इन्होने मुझ जैसे बच्चे को भी गंभीरता से लिया .जब उनसे पहली बार बात हुई तो उसका बड़ा दिलचस्प किस्सा है ,मुझे उस समय किसी ने बताया कि अगर तुम्हारे लेख दैनिक जागरण ,अमर उजाला और जनसत्ता में छप गये तो तुम बड़े लेखक बन जाओगे ,मेरे मन में ये बात पूरी तरह से बैठ गयी थी ,अब तो सिर्फ बड़ा लेखक बनने के सपने आने लगे ,लेकिन हकीकत में बड़ा संघर्ष था आगे
मै दैनिक जागरण के कानपुर आफ़िस में अपने लेख भेजा करता था संपादकीय विभाग के नाम ,मैंने कई लेख भेजे लेकिन वो प्रकाशित नहीं हुए तो मै मायूस हुआ ,फिर क्या था एक दिन शाम को मैंने जागरण के कानपुर आफ़िस फोन किया ,बोला कि संपादक जी से बात कराओं तो आपरेटर ने कहा कि किस सम्बंध में और क्यों बात करनी है ,
मैंने कहा कि भाई मैंने कई लेख भेजे वो छपे क्यों नहीं ? आप तो बस बात कराइए (मुझे तो बस धुन सवार थी ,उस समय छात्र जीवन में लेख कागज़ पर पेन से लिखता था ,बाजार में उसे टाइप कराता था फिर उसे रजिस्ट्री या फैक्स के जरिये भेजता था ,एक लेख भेजने में 150 रुपये का खर्च आ जाता था इसलिए लेख कहीं नहीं छपता था तो बड़ा दुःख होता था )
आपरेटर ने फोन राजीव सचान जी को ट्रांसफर कर दिया
मैंने कहा शशांक बोल रहा हू ,उन्होंने कहा कौन शशांक
मैं बोला कि मैंने आपको कई लेख भेजे आपने छापा क्यों नहीं ?
वो बोले कि तुम करते क्या हो ?
मैंने कहा कि इंजीनियरिंग का छात्र हू
वो बोले कि जानते हो संपादकीय पेज क्या होता है ?
मैंने कहा कि जानता हूँ ,हर शहर में ये पेज समान होता है,बाकी पेज बदलते रहते है ,बड़े लेखक लोग यहीं पर लिखते है इसलिए मुझे भी यहाँ लिखना
राजीव जी बोले तुम अभी बच्चे हो ,बहुत छोटे हो
मैंने कहा कि कुलदीप नैय्यर,भरत झुनझुनवाला (इन्ही को मै बड़ा लेखक मानता था ) भी कभी छोटे रहें होंगे ,जन्म से नहीं लिखने लगे होंगे ,तो मुझे भी मौका मिलना चाहिए
फिर मैंने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि आपकी टेबल के पास डस्ट्विन तो होगा
वो बोले कि हां है
मैंने कहा कि कृपया आप मेरे लेख एक बार पढ़िए अगर आप को पसंद न आये तो इन्हें फाड़ कर डस्ट्विन में फेक देना .लेकिन एक गुजारिश है कि इन्हें पढ़िए ,अगर गुणवत्ता दिखे तब प्रकाशित करियेगा .
इस बातचीत के बात पता नहीं उन्हें क्या लगा ,लेकिन कुछ दिन के बाद ही पहली बार मेरा लेख दैनिक जागरण में प्रकाशित हुआ और ये सिलसिला आज तक जारी है .उस समय जनसत्ता में राजेंद्र राजन जी,अमर उजाला में कल्लोल चक्रवर्ती,दैनिक आज में शिवमूरत यादव जी ने भी मेरी बाते सुनी ,मेरे लेख पढ़े और उन्हें प्रकाशित किये .इससे मेरा आत्मविश्वास बहुत ज्यादा बढ़ गया .इन पूरे 10 सालों में मैंने सिर्फ ये महसूस किया कि सपने जरुर देखो सपने पूरे होते है ,मेहनत का कोई विकल्प नहीं .भले ही आज मेरे लेख कई जगह प्रकाशित होते हो लेकिन मै अपनी औकात नहीं भूलता .आज भी जब कोई लेख लिखता हूँ तो उतनी ही मेहनत और शिद्दत के साथ जितना पहली बार लिखा था .इस दौरान और आज भी हर दो चार दिन में किसी न किसी संपादक महोदय से मेरी बहस हो जाती है ,वो मुझे न छापने की धमकी भी देते है लेकिन मै रुका नहीं ,झुका नहीं क्योंकि आज मेरे पास खोने को कुछ नहीं है ..अगर कोई एक छापने को मना करता है तो दूसरा तैयार है मुझे छापने को ... कोई नहीं भी छापेगा तो लिखने के लिए मेरी वेबसाइट है मेरे पास .. लोग मेरी शिकायत /आलोचना करते रहते है लेकिन इन सबसे मैंने सिर्फ अपनी गलतियों को सुधारा है और कभी किसी से समझौता नहीं किया क्योंकि मुझे लगता है लेखन से समझौता नहीं किया जा सकता ..सिर्फ अपनी शर्तों पर लिखा ,लोगों की आलोचना और तारीफ़ दोनों को एक तरह से ही लिया .यहाँ तक कि अखबार में प्रकाशित अपने लेख को ५ मिनट देखने और खुश होने के बाद मै अपने अगले लेख में लग जाता हूँ .लेखन मेरे लिए गरीब की मजदूरी की तरह है जहाँ अस्तित्व बचाए रखने के लिए रोज मेहनत करनी पड़ती है .इन लाइनों को जिंदगी में हमेशा महसूस करता हूँ ..
“मै अपनी फन की बुलंदी से काम ले लूँगा
मुझे मुकाम न दो मै खुद मुकाम ले लूँगा ...”

कुलमिलाकर लेखन मेरा प्यार है और मेरी जिंदगी है .
 —

Sunday, November 17, 2013

खबरों में उपेक्षित रहें भारत रत्न वैज्ञानिक प्रोफ़ेसर सीएनआर राव

विज्ञान के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान
शशांक द्विवेदी 
वैज्ञानिक शोध में शतक
केंद्र सरकार ने भारत का  सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न सचिन तेंदुलकर और प्रख्यात वैज्ञानिक प्रोफ़ेसर सीएनआर राव को देने का फैसला किया है .अपने अपने क्षेत्र में दोनों की सफलताएं असाधारण है .जहाँ सचिन ने बल्लेबाजी में शतकों का शतक लगाया है वहीं प्रोफ़ेसर राव ने अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रों के प्रकाशन में शतक लगाया है .दोनों की उपलब्धियाँ असाधारण है लेकिन मीडिया खासकर इलेक्ट्रानिक मीडिया सचिन की कवरेज तो बहुत कर रहा है लेकिन प्रोफ़ेसर राव के बारे में या उनके काम के बारे में कोई भी प्रोग्राम नहीं दिखाया जा रहा है . टीवी पर जहाँ सचिन पर घंटो कार्यक्रम दिखाए गये वहीं पर प्रोफ़ेसर राव पर दस मिनट का कार्यक्रम अधिकतर टीवी न्यूज चैनलों में दिखाया तक नहीं गया . विज्ञान जगत के किसी व्यक्ति को भारत के सबसे बड़े सम्मान की खबर पूरी तरह से उपेक्षित नजर आयी जबकि दोनों को ही भारत रत्न मिला है .विज्ञान की खबरों के प्रति टीवी चैनलों का ये दुराग्रह नया नहीं है ,ऐसा पहली बार नहीं हुआ है .याद करिये भारत के सबसे बड़े अंतरिक्ष अभियान मार्स मिशन को भी टीवी वालों ने ज्यादा तवज्जो नहीं दी थी . देश में विज्ञान ,अनुसंधान और शोध  से सम्बंधित खबरे  प्रिंट मीडिया में थोड़ी जगह बना रही है लेकिन इलेक्ट्रानिक मीडिया इससे कोसों दूर है प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नहीं है आप खुद देखिये कि इस क्षेत्र में इलेक्ट्रानिक मीडिया कितना संजीदा है सिर्फ विज्ञान और तकनीक से जुड़ी सनसनीखेज खबरें ही खबरिया चैनलों में थोड़ी बहुत जगह बना पाती है ।खैर जो भी हो लेकिन आज वक्त है विलक्षण प्रतिभा के धनी वैज्ञानिक प्रोफ़ेसर सीएनआर राव को याद करने का जिनकी वजह से अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान-सम्मान  बढ़ा है . 
विलक्षण प्रतिभा के धनी है प्रोफेसर सीएनआर राव
भारत सरकार ने प्रख्यात वैज्ञानिक और प्रधानमंत्री की वैज्ञानिक सलाहकार परिषद के प्रमुख प्रोफेसर सीएनआर राव को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की घोषणा की है। सीएनआर राव सोलिड स्टेट और मैटीरियल केमिस्ट्री के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके  1400 शोध पत्र और 45 किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। दुनियाभर के तमाम प्रमुख वैज्ञानिक शोध संस्थानों ने राव के योगदानों का महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें अपने संस्थान की सदस्यता के साथ ही फेलोशिप भी दी है। उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुके हैं।
वास्तव में जो ऊंचाई 40 वर्षीय तेंदुलकर ने क्रिकेट में हासिल किया है वहीं ऊंचाई प्रोफेसर चिंतामणि नागेश रामचंद्र राव (79) यानी सीएनआर राव ने भी शोध क्षेत्र में हासिल किया है । तेंदुलकर ने एक बल्लेबाज के रूप में 100 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़े हैं तो राव भी पहले भारतीय हैं जो शोध कार्य के क्षेत्र में सौ के एच-इंडेक्स में पहुंचे हैं। राव ने इस साल अप्रैल में 100 के एच-इंडेक्स (शोधकर्ता की वैज्ञानिक उत्पादकता एवं प्रभाव का वर्णन करने का जरिया) तक पहुंचने वाले पहले भारतीय होने का गौरव हासिल किया। राव की इस उपलब्धि से पता चलता है कि उनके प्रकाशित शोध कार्यों का दायरा कितना व्यापक है। एच-इंडेक्स किसी वैज्ञानिक के प्रकाशित शोध पत्रों की सर्वाधिक संख्या है जिनमें से कम से कम प्रत्येक का कई बार संदर्भ के रूप में उल्लेख किया गया हो। राव की इस उपलब्धि का मतलब समझाते हुए कुछ वैज्ञानिक कहते हैं कि उन्होंने जो मुकाम हासिल किया, दरअसल वह सचिन के 100 शतकों की उपलब्धि से किसी भी मायने में कम नहीं है।
परमाणु शक्ति संपन्न होने और अंतरिक्ष में उपस्थिति दर्ज करा चुकने के बावजूद विज्ञान के क्षेत्र में हम अन्य देशों की तुलना में पीछे हैं। वैज्ञानिकों-इंजीनियरों की संख्या के अनुसार भारत का विश्व में तीसरा स्थान है, लेकिन वैज्ञानिक साहित्य में पश्चिमी वैज्ञानिकों का बोलबाला है ऐसे समय में प्रोफेसर राव ने पश्चिम के एकाधिकार को तोड़ते हुए शोध पत्रों के प्रकाशन के साथ साथ शोध और अनुसंधान के क्षेत्र में भारत का नाम रोशन किया । उनकी सफलता असाधारण है ।

प्रोफेसर सीएनआर राव का जन्म 30 जून 1934 को बेंगलूर में हुआ था। 1951 में मैसूर विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद बीएचयू से मास्टर डिग्री ली। अमेरिकी पोडरू यूनिवर्सिटी से पीएचडी करने के बाद 1961 में मैसूर विश्वविद्यालय से डीएससी की डिग्री हासिल की। 1963 में आइआइटी कानपुर के रसायन विभाग से फैकल्टी के रूप में जुड़कर करियर की शुरुआत की । 1984-1994 के बीच इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस के निदेशक रहे। ऑक्सफोर्ड, कैंब्रिज समेत अनेक विश्वविद्यालयों में विजिटिंग प्रोफेसर रहे हैं। वो इंटरनेशनल सेंटर ऑफ मैटिरियल साइंस के भी निदेशक रहे। रसायन शास्त्र की गहरी जानकारी रखने वाले राव फिलहाल बंगलौर स्थित जवाहरलाल नेहरू सेंटर फॉर एडवांस्ड साइंटिफिक रिचर्स में कार्यरत हैं। डॉ. राव न सिर्फ न केवल बेहतरीन रसायनशास्त्री हैं बल्कि उन्होंने देश की वैज्ञानिक नीतियों को बनाने में भी अहम भूमिका निभाई है।
राव के एक वैज्ञानिक के रूप में पांच दशकों के करियर में 1400 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। दुनियाभर की प्रमुख वैज्ञानिक संस्थाएं, रसायन शास्त्र के क्षेत्र में उनकी मेधा का लोहा मानती हैं। वे  उन चुनिंदा वैज्ञानिकों में एक हैं जो दुनिया के सभी प्रमुख वैज्ञानिक अकादमी के सदस्य हैं। सीवी रमन, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के बाद राव इस सर्वोच्च सम्मान को पाने वाले तीसरे भारतीय वैज्ञानिक हैं। राव को दुनिया के 60 विश्वविद्यालयों से डाक्टरेट की मानद उपाधि मिल चुकी है और भारतीय वैज्ञानिक समुदाय में वह एक आइकन की तरह देखे जाते हैं। । किसी वैज्ञानिक  के मूल्यांकन के लिए सिर्फ उसका एच-इंडेक्स ही काफी नहीं है बल्कि उसके कितने शोध पत्रों को दृष्टांत के रूप में उल्लेख किया गया है यब भी बहुत मायने रखता है । इस मामले में भी  प्रोफेसर राव दुनिया के कुछेक चुनिंदा वैज्ञानिकों में ऐसे एकमात्र भारतीय हैं जिनके शोध पत्र का दृष्टांत के तौर पर वैज्ञानिकों ने लगभग 50 हजार बार के करीब उल्लेख किया है। 
प्रोफेसर राव ठोस अवस्था, संरचनात्मक और मैटेरियल रसायन के क्षेत्र में दुनिया के जाने-माने रसायन शास्त्री हैं । भारत सरकार ने उन्हें 1974 में पदमश्री और 1985 में पदमविभूषण से सम्मानित किया। वर्ष 2000 में रायल सोसायटी ने उन्हें ह्युजेज पुरस्कार से सम्मानित किया वर्ष 2004 में भारतीय विज्ञान पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय बने । भारत-चीनी विज्ञान सहयोग को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाने के लिए उन्हें इसी साल जनवरी, 2013 में चीन के सर्वश्रेष्ठ विज्ञान पुरस्कार से सम्मानित किया गया । प्रोफेसर राव ने ट्रांजीशन मेटल ऑक्साइड सिस्टम, (मेटल-इंसुलेटर ट्रांजीशन, सीएमआर मैटेरियल, सुपरकंडक्टिविटी, मल्टीफेरोक्सि), हाइब्रिड मैटेरियल, नैनोट्यूब और ग्राफीन समेत नैनोमैटेरियल और हाइब्रिड मैटेरियल के क्षेत्र में काफी शोध और अनुसंधान कार्य किये । प्रोफेसर राव सॉलिड स्टेट और मैटेरियल केमिस्ट्री में अपनी विशेषज्ञता की वजह से जाने जाते हैं। उन्होंने पदार्थ के गुणों और उनकी आणविक संरचना के बीच बुनियादी समझ विकसित करने में अहम भूमिका निभाई है।
भारत को अंतरिक्ष विज्ञान में आकाश की अनंत बुलंदी पर पहुँचाने वाले मंगल अभियान में भी उन्होंने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया । विज्ञान के क्षेत्र में भारत की नीतियों को गढ़ने में अहम भूमिका निभाने वाले राव, प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की वैज्ञानिक सलाहकार परिषद के भी सदस्य थे। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री राजीव गांधी, एचडी दैवेगोड़ा, और आईके गुजराल के कार्यकाल में भी परिषद से जुड़े रहें । राव की मेधा और लगन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके साथ काम करने वाले अधिकतर वैज्ञानिक सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन वे 79 साल की उम्र में भी सक्रिय हैं और प्रधानमंत्री डाक्टर मनमोहन सिंह की वैज्ञानिक सलाहकार परिषद में अध्यक्ष के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं । 
दुनिया में अब वैज्ञानिक और तकनीकी ज्ञान आर्थिक स्त्रोत के उपकरण बन गए हैं। किसी भी देश की वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमता उसकी आर्थिक प्रगति का पैमाना बन चुकी है। दुनिया के ज्यादातर विकसित देश वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देने के लिए अपने रिसर्च फंड का 30 प्रतिशत तक यूनिवर्सिटीज को देते हैं, मगर अपने देश में यह प्रतिशत सिर्फ छह है। उस पर ज्यादातर यूनिवर्सिटीज के अंदरूनी हालात ऐसे हो गए हैं कि वहां शोध के लिए स्पेस काफी कम रह गया है। वैज्ञानिक शोध पत्रों के प्रकाशन में भी भारत की स्तिथि बहुत अच्छी नहीं है । इसको सुधारने के लिए सरकार को तुरंत ध्यान देना होगा । देश में प्रोफेसर सीएनआर राव जैसे कई वैज्ञानिक पैदा करने के लिए इस शोध के लिए नया माहौल और समुचित फंड देने की जरुरत है ।
कुलमिलाकर विज्ञान के क्षेत्र में प्रोफेसर सीएनआर राव का योगदान अभूतपूर्व है और उनको देश का सर्वोच्च सम्मान  भारत रत्न देने के फैसले से देश में वैज्ञानिक शोध और अनुसंधान को प्रोत्साहन भी मिलेगा । इससे देश में वैज्ञानिक चेतना का माहौल बनाने में भी मदत मिलेगी । 

भारत रत्न वैज्ञानिक सीएनआर राव की उपेक्षा

वैज्ञानिक सीएनआर राव को भी भारत रत्न मिला है भाई लेकिन सभी अखबार और मीडिया सचिनमय है .उनके बारे में भी थोड़ा बहुत तो दिखा दो ,बता दो .कई अखबारों में पहले पेज में उनका नाम तक नहीं है .सचिन को कवरेज देना ठीक है ,मै खुद भी उनका बड़ा प्रशंसक हू लेकिन सीएनआर राव की इतनी ज्यादा उपेक्षा मुझे ठीक नहीं लगी .देश को बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धियों में उनका बहुत योगदान है लेकिन उनके बारे मीडिया कुछ बताने को तैयार ही नहीं है .मीडिया का यही दोहरा चरित्र मुझे खराब लगता है ..सचिन को सिर्फ बाजार के उत्पाद के रूप में पेश कर रहें है टीआरपी के लिए.भाई मै तो कहता हूँ सचिन को अगर 1 घंटे दिखाते हो तो सीएनआर राव साहब के बारें में 10 मिनट तो दिखाओ या लिखो लेकिन यहाँ तो वो पूरी तरह से उपेक्षित है ..उन्हें भी सचिन के बराबर सम्मान मिला है लेकिन ऐसा लग रहा है कि उन्हें कुछ मिला ही नहीं ..देश में वैज्ञानिक चेतना का इससे बड़ा अभाव क्या होगा कि भारत रत्न पाए व्यक्ति के बारे में भी देश के लोगों को कुछ नहीं बताया जा रहा है ....